कबीरधाम

दुर्ग संभागायुक्त एस. एन. राठौर ने घोठिया में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज स्थल का किया निरीक्षण

कवर्धा, 02 दिसंबर 2025। दुर्ग संभागायुक्त श्री एस. एन. राठौर ने कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के साथ ग्राम घोठिया में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉलेज की मुख्य शैक्षणिक भवन, छात्रावास, प्रयोगशालाएँ, प्रशासनिक ब्लॉक तथा परिसर विकास से जुड़ी सभी निर्माण गतिविधियों की जानकारी की। इस मौके पर एसडीएम श्री चेतन साहू, तहसीलदार श्री परमेश्वर मांडवी सहित अधिकारी उपस्थित थे।

संभागायुक्त श्री राठौर ने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण जनहित से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है, इसलिए गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण एक बार होना है, अतः यह संरचना आने वाले कई दशकों तक जिले की पहचान बने। ऐसे में कार्य उच्च गुणवत्ता, मजबूती और आकर्षक डिज़ाइन के साथ पूर्ण होना चाहिए।

उन्होंने निर्माण कार्य की रूपरेखा की समीक्षा करते हुए राष्ट्रीय स्तर के मेडिकल संस्थानों की तर्ज पर आधुनिक और प्रभावशाली इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में उत्कृष्ट अधोसंरचना, अत्याधुनिक सुविधाएँ और सुव्यवस्थित परिसर हो। संभागायुक्त ने स्थल पर मौजूद अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएँ। सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित हो। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की निरंतर जांच की जाए।

कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण से जिले में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में बड़ा सुधार होगा। साथ ही युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। यह परियोजना ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी स्वास्थ्य सुविधाओं तक बेहतर पहुंच प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page