कबीरधाम

महिला सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार ने आमंत्रित किए आवेदन, वीरांगना रानी अवंतीबाई, मिनी माता और बहादुर कलारिन सम्मान से होंगी सम्मानित महिलाएँ

महिलाओं के उत्कृष्ट योगदान पर मिलेगा दो लाख रूपए व प्रशस्ति पत्र

 

 

26 सितम्बर की शाम 5 बजे प्रस्तुत किए जा सकते हैं आवेदन

 

कवर्धा, 24 सितम्बर 2025। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा समाज में महिलाओं की भूमिका, संघर्ष और योगदान को सम्मानित करने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2025 के लिए तीन राज्य स्तरीय सम्मान के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार, मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान) पुरस्कार और माता बहादुर कलारिन सम्मान शामिल हैं। इन सम्मानों का उद्देश्य नारी शक्ति को प्रोत्साहित करना और महिला सशक्तिकरण के कार्यों को जनमानस तक पहुँचाना है।

शासन द्वारा वीरता, शौर्य, साहस और महिलाओं में आत्मबल को सशक्त बनाने के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिला को वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं के उत्थान के लिए निरंतर काम करने वाली महिला अथवा अशासकीय संस्था को मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान) पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष करते हुए नारी उत्थान की दिशा में अभूतपूर्व कार्य करने वाली महिला को माता बहादुर कलारिन सम्मान से नवाजा जाएगा।

 

इन सम्मानों के अंतर्गत प्रत्येक महिला को दो लाख रूपए की सम्मान राशि के साथ प्रशस्ति पत्र एवं पट्टिका भेंट की जाएगी। विशेष रूप से माता बहादुर कलारिन सम्मान हर वर्ष राज्य अलंकरण समारोह में प्रदान किया जाता है, जो महिला संघर्ष और शक्ति का प्रतीक माना जाता है।

इन पुरस्कारों के लिए आवेदन 26 सितम्बर 2025 की शाम 5 बजे तक कार्यालय, जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग में प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page