बिलासपुर

खाना नहीं बनाने पर पत्नी को मार-डाला:मारपीट के बाद गला घोंटा, गौरा-गौरी देखने गए थे, पति ने लोगों से कहा- गिरने से मौत हुई

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में खाना नहीं बनाने से गुस्साए पति ने पत्नी के साथ पहले मारपीट की। फिर गला घोंटकर उसे मार डाला। बाद में उसने पड़ोसियों और पुलिस को गुमराह कर गिरने से पत्नी की मौत होने की जानकारी दी। घटना तखतपुर थाना के जूनापारा चौकी क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम तेंदुआ में रहने वाले मिथुन मेहर (40) किसान है। वह पत्नी सीमा मेहर (30) के साथ गौरा-गौरी पूजा देखने के लिए गया था। लौटने के बाद पत्नी ने खाना नहीं बनाया। जिससे नाराज होकर पति ने उसे मार डाला और लाश के पास बैठा रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

ये है पूरा मामला

 

दरअसल, मिथुन पत्नी के साथ मूर्ति पारा में आयोजित गौरा-गौरी पूजा देखने के लिए गया था। देर रात दोनों पूजा में शामिल होने के बाद घर लौटे। खाने को लेकर पति विवाद करने लगा। जिस पर पत्नी ने कहा कि पूजा में जाने के कारण खाना नहीं बना था, वह खाना बनाकर दे देगी।

 

जबकि पति मिथुन का कहना था कि पूजा में जाना था तो पहले ही खाना बना लेती। इस दौरान विवाद इतना बढ़ा कि पति ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बाद में गला घोंटकर मार डाला। हत्या के बाद शव के पास कुछ देर तक बैठा रहा।

 

फिर उसने पड़ोसियों को बताया कि गिरने से उसकी मौत हो गई है। उसने कहा कि रात में दोनों पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था। इसी दौरान धक्का देने से वो गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। रविवार को इस घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

 

गले में चोट के निशान

 

महिला की मौत की खबर मिलते ही पुलिस गांव पहुंची। पुलिस ने शव का परीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। इस दौरान महिला के गले में चोट के निशान मिले, जिससे पुलिस को शुक हुआ। इस पर पुलिस ने महिला के पति से पूछताछ की। तब वो गोलमोल जवाब देता रहा।

 

कड़ाई से पूछताछ करने पर कबूला जुर्म

 

इससे पुलिस को हत्या का शक हुआ। तब संदेही पति से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने जुर्म स्वीकार किया। उसने बताया कि उसने पत्नी का गला दबा दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

 

इस मामले में जूनापारा चौकी प्रभारी एसआई संजीव सिंह ने बताया कि खाना नहीं बनाने से पति नाराज था। विवाद के बाद उसने पत्नी को मार डाला और लोगों को गिरने से मौत होना बताया। आरोपी के खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page